Rajgir : खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के पहले दिन टेबल टेनिस प्रतियोगिता में तमिलनाडु और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने अपना परचम लहराया। स्पोर्ट्स एकेडमी एंड काम्प्लेक्स के इंडोर हॉल 01 में आयोजित इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों का तूफान देखने को मिला। पहले मुकाबले में तमिलनाडु की हंसिनी ने महाराष्ट्र की सुक्रिती शर्मा को सीधे सेटों में 3-0 से मात देकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। हंसिनी के शानदार बैकहैंड स्ट्रोक्स ने प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया। दूसरे मैच में महाराष्ट्र की काव्या भट्ट ने बंगाल की सयानी पांडा को कड़े संघर्ष के बाद 3-1 से हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। काव्या के तेज़ स्मैशेस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दिल्ली की दिव्या का दमदार खेल
चौथे मुकाबले में दिल्ली की दिव्या ब्रह्मचार्या ने बंगाल की दीप्निता सहाय को 3-1 से पराजित किया। दिव्या के सटीक प्लेसमेंट और कोण पर शॉट्स ने विरोधी खिलाड़ी को परेशान कर दिया। पांचवें मैच में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक और बिहार की निलांजना शर्मा के बीच मुकाबला दो राउंड तक चला। तीसरे राउंड में निलांजना के सरेंडर करने पर तकनीकी आधार पर दिव्यांशी को विजेता घोषित किया गया। छठे मुकाबले में तमिलनाडु की नंदिनी रीना बाला जी ने महाराष्ट्र की हार्डी पटेल को सीधे सेटों में 3-0 से धूल चटाई। नंदिनी के फुर्तीले खेल और विविध तकनीकों ने सभी को प्रभावित किया। सातवें मैच में दिल्ली की वंशिका मुद्गल ने उत्तराखंड की विदूषी धनाय को 3-0 से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वंशिका के अचूक सर्विस ने विरोधी को कोई मौका नहीं दिया।
बालक वर्ग के पहले मुकाबले में तमिलनाडु के अभिनंद पीबी ने गोआ के आरोन फेरियाज को सीधे सेटों में 3-0 से हराकर अपनी ताकत दिखाई। अभिनंद की तकनीकी श्रेष्ठता पूरे मैच में नज़र आई।
अगले मैच में असम के प्रियानुज भट्टाचार्य ने मणिपुर के छेत्री मयुर सिंह सहगल को 3-0 से परास्त किया। प्रियानुज के आक्रामक खेल ने प्रतिद्वंद्वी को संभलने का मौका नहीं दिया। सबसे रोमांचक मुकाबला तेलंगाना के मिडेला रेड्डी आरूष और बंगाल के देवराज भट्टाचार्य के बीच देखने को मिला। पांच सेट तक चले इस थ्रिलर में आरूष ने 3-2 से बाजी मारी।
हिमाचल के नमन ने दिखाया पहाड़ी जज्बा
हिमाचल प्रदेश के नमन भटनागर ने कर्नाटक के वरुण कश्यप को 3-0 से हराकर पहाड़ी राज्य का परचम लहराया। नमन के प्रदर्शन से दर्शक हैरान रह गए।
अगले मैच में तमिलनाडु के राजशेखरन ने महाराष्ट्र के विहान को 3-0 से मात देकर तमिलनाडु की मजबूत स्थिति को और पुख्ता किया। पश्चिम बंगाल के पुनीत विश्वास ने छत्तीसगढ़ के विशाल गर्ग को सीधे सेटों में 3-0 से शिकस्त देकर शानदार प्रदर्शन किया।
महाराष्ट्र का अंतिम वार : मेजबान बिहार हुआ पराजित
अंतिम मुकाबले में महाराष्ट्र के कौशल चोपड़ा ने मेजबान बिहार के हर्षित कुमार को 3-1 से हराकर दिन का समापन महाराष्ट्र के नाम किया।
07 मई को इन खेलों का होगा आयोजन
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत राजगीर स्पोर्ट्स क्लब में 07 मई को निम्नलिखित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी
1. सुबह 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक एवं सायं 5:00 से 7:00 बजे तक कबड्डी खेला जाना है।
2. सुबह 10:00 से दोपहर 1:00 बजे तक कबड्डी खेला जाना है।
3. सुबह 7:30 से 11:00 बजे तक एवं सायं 5:00 से 8:15 बजे तक हॉकी खेला जाना है।

