Nalanda : भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी कुंदन कुमार को नालंदा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे पूर्णिया जिले में जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने आपदा प्रबंधन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की। उनके कार्यकाल में पूर्णिया में कई पंचायतों को डिजिटल बनाया गया और स्थानीय स्तर पर शासन को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने के लिए ‘लोक संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। इसके अलावा अपने विशेष कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी सम्मानित हो चुके है कुंदन कुमार।
कुंदन कुमार पूर्व में रह चुके है नालंदा के डीडीसी
कुंदन कुमार इससे पूर्व 2015 से 2017 तक नालंदा में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, मनरेगा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वच्छता अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नालंदा में उनकी वापसी को स्थानीय प्रशासन के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
पूर्व जिलाधिकारी शशांक शुभंकर बने गया जी के डीएम
नालंदा के पूर्व जिलाधिकारी शशांक शुभंकर का स्थानांतरण गया जिले के जिलाधिकारी के रूप में किया गया है। शशांक शुभंकर के कार्यकाल में नालंदा में बुनियादी ढांचे के विकास, स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना और कृषि आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के कई प्रभावशाली प्रयास किए गए। उन्होंने कोविड-19 प्रबंधन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई।
गया के जिलाधिकारी रहे डॉ. त्यागराजन बने पटना के डीएम
वहीं गया के जिलाधिकारी रहे डॉ. त्यागराजन का तबादला अब पटना जिले के जिलाधिकारी के रूप में हुआ है। गया में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बोधगया और अन्य ऐतिहासिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया। इसके अलावा, उन्होंने जल-प्रबंधन, तालाबों के जीर्णोद्धार और हरित क्षेत्र विस्तार के लिए भी कई पहलें शुरू कीं, जिन्हें राज्य स्तर पर सराहा गया।

