बिहारशरीफ : देश के विभिन्न हिस्सों में कोविड मामलों में वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ऐतिहासिक नालंदा जिला पूरी तरह सतर्क हो गया है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों से भरपूर इस जिले में देश-विदेश से आने वाले हजारों पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मगर जिले के पांच सरकारी अस्पतालों में कोविड काल के दौरान लगाए गए ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट महीनों से बंद पड़ा है। इसे चालू करने की कोई भी कवायत नहीं की गई है ।
कोविड जांच अभियान शुरू : बिहार में अभी तक नहीं मिला एक भी पॉजिटिव केस
सिविल सर्जन के निर्देश पर राजगीर, पावापुरी, कुंडलपुर और नालंदा के प्राचीन खंडहरों सहित सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर तत्काल प्रभाव से कोविड जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें एडवाइजरी के साथ जांच किट भी सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर उपलब्ध करा रही हैं। राहत की बात यह है कि अब तक जिले में एक भी कोविड पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। इसके बावजूद प्रशासन ने सतर्कता की नीति अपनाते हुए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।
युद्ध स्तर पर हो रही स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी
जिला प्रशासन ने कोविड से निपटने के लिए तीन प्रमुख स्तरों पर काम आरंभ किया है विशेष कोविड वार्ड बनाने की योजना, आपात स्थिति के लिए वेंटिलेटर उपकरणों की जांच और ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था। फिलहाल जिले में पीएम केयर फंड से प्राप्त पांच ऑक्सीजन प्लांट बंद हैं, जिन्हें चालू करने की दिशा में तेज़ी से कार्रवाई की जा रही है।
तैयार है हम - सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एडवाइजरी जारी कर दी गई है और सभी प्रमुख स्थानों पर जांच किट भेजी जा चुकी है। पर्यटक क्षेत्रों में अभी तक कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है, लेकिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है।
जनता के सुरक्षा के लिए जरूरी सुझाव
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मास्क का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, सामाजिक दूरी बनाए रखें, सर्दी-खांसी वाले व्यक्तियों से दूरी रखें और किसी भी लक्षण के दिखते ही तत्काल जांच कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संक्रमण के किसी भी मामले के सामने आते ही विशेष बेड और अलग वार्ड की व्यवस्था तत्काल की जाएगी।
26 मई तक देशभर में कोरोना के सक्रिय मामले
आंध्र प्रदेश : 04
बिहार : 00
छत्तीसगढ़ : 01
दिल्ली : 104
गोवा : 01
गुजरात : 83
हरियाणा : 09
कर्नाटक : 47
केरला : 430
मध्य प्रदेश : 02
महाराष्ट्र : 210
पंडूचेरी : 08
राजस्थान : 13
तमिलनाडु : 69
तेलंगाना : 01
उत्तर प्रदेश : 15
वेस्ट बंगाल : 12
कुल सक्रिय मामले 1010

