Nalanda : नालंदा में प्रचंड गर्मी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान में लगातार वृद्धि होने से विशेषकर दोपहर के समय स्थिति और भी भयावह हो गई है। जिसके मद्देनजर जिलाधिकारी ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है।
जिला दंडाधिकारी शशांक शुभंकर ने जारी अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भीषण गर्मी के चलते बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के सभी विद्यालयों में पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
यह आदेश छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्निर्धारित करें। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि यह आदेश 13 मई से 17 मई, 2025 तक प्रभावी रहेगा।

