Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Crime

राजधानी में दरिंदगी की हद, एकतरफा प्यार में छात्रा की जिंदा जलाकर हत्या

Blog Image
182

पटना: राजधानी पटना में एक बार फिर महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एकतरफा प्यार में सनकी युवक की हैवानियत का शिकार बनी 10वीं की छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के बेरिया गांव की है, जहां एक युवक ने जबरन बात करने के दबाव और धमकियों के बाद छात्रा के शरीर पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई थी और बीते छह दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही थी, लेकिन आखिरकार शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। लंबे समय से एक युवक आदित्य कुमार उसे परेशान कर रहा था और जबरन बात करने का दबाव बना रहा था। परिजनों का कहना है कि छात्रा ने साफ इनकार किया तो आरोपी ने पहले फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जला देने की धमकी दी। 17 जनवरी को आरोपी ने रास्ते में छात्रा को घेर लिया और इसी दौरान बहस के बाद उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले डराने के लिए माचिस जलाई गई और फिर दूसरी जलती तीली सीधे छात्रा के शरीर पर फेंक दी गई।

आग लगते ही छात्रा चीखती-चिल्लाती हुई करीब 100 फीट तक सड़क पर दौड़ी और फिर गिर पड़ी। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। NMCH के डॉक्टरों के अनुसार छात्रा का शरीर लगभग पूरी तरह जल चुका था और इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही।

छात्रा के पिता दिलीप कुमार ने बताया कि उनकी बेटी रोज उसी रास्ते से स्कूल आती-जाती थी और आरोपी उसे आए दिन परेशान करता था। वह पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थी, लेकिन आरोपी उसकी सादगी और चुप्पी को कमजोरी समझ बैठा। पिता ने बताया कि बेटी ने मौत से पहले बयान में पूरी घटना बताई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

घटना के बाद से आरोपी आदित्य कुमार फरार है। गोपालपुर थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

सदर SDPO-2 रंजन कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छात्रा की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में गहरा आक्रोश है।

RPS

Related Post