यमुना भगत स्टेडियम में दर्शकों ने रोमांचक मुकाबला का उठाया लुफ्त : एक ही खिलाड़ी के दो गोल से पश्चिम बंगाल की टीम हुई पस्त
Begusarai : खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के दूसरे दिन बेगूसराय के यमुना भगत स्टेडियम में फुटबॉल प्रेमियों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुए इस महामुकाबले में पीली जर्सी में सजी ओड़िशा की टीम ने नीली जर्सी पहने पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों को 2-0 से परास्त कर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। मैच के हीरो रहे ओड़िशा के 'गोल्डन बॉय' वेंकटेश ओरम, जिन्होंने अकेले दम पर दोनों गोल दागकर अपनी टीम को विजय दिलाई।
बिजली की तरह दागे गोल, स्टेडियम में बज उठे तालियों के गड़गड़ाहट
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैच का पहला गोल 36वें मिनट में आया जब ओड़िशा के छह नंबर की जर्सी पहने वेंकटेश ओरम ने एक शानदार शॉट से पश्चिम बंगाल के गोलकीपर को चकमा देकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया। स्टेडियम में बैठे हजारों दर्शकों ने इस गोल का जोरदार स्वागत किया। पहला हाफ 1-0 से समाप्त हुआ। दूसरे हाफ में भी वेंकटेश ने अपना जादू जारी रखा और 77वें मिनट में एक और शानदार गोल दागकर अपनी टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। यह गोल इतना तेज और सटीक था कि पश्चिम बंगाल के गोलकीपर को पता ही नहीं चला कि गेंद कब उनके हाथों को चकमा देकर नेट में समा गई। विशेष रूप से बुलाए गए स्कूली छात्रों ने इस गोल पर स्टेडियम को अपनी जोरदार आवाज से गुंजायमान कर दिया।
तनाव और टकराव के बीच दिखा येलो कार्ड का मेला
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। रेफरी को कुल पांच बार येलो कार्ड दिखाना पड़ा। ओड़िशा के आकाश शाहो को 69वें मिनट में एक येलो कार्ड मिला, जबकि पश्चिम बंगाल के चार खिलाड़ियों को येलो कार्ड से नवाजा गया। पश्चिम बंगाल के देवामोए चक्रवर्ती (23वें मिनट), सुजोय पाल (43वें मिनट), जाहिर हुसैन सरदार (46वें मिनट) और एसके जियाबुल हुसैन (84वें मिनट) को येलो कार्ड दिखाए गए।
दूसरे स्टेडियम में मेघालय का तांडव, चंडीगढ़ को 10-1 से रौंदा
इसी दिन आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम में ग्रुप ए का एक और मैच मेघालय और चंडीगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें मेघालय ने चंडीगढ़ को एकतरफा मुकाबले में 10-1 से धूल चटा दी। मेघालय के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाते हुए पहले 10 मिनट में ही दो गोल दाग दिए। मेघालय की ओर से दामित्रे क्याजिंग (7वें मिनट) और बनगोनसोन ननजिपलिंग (10वें मिनट) ने शुरुआती गोल किए। एहसानबुक भुपंग ने हैट्रिक (19वें, 44वें और 53वें मिनट) लगाई, जबकि सोहलिंस्टार स्यांकिल और लोविंगस्टार सुटिंग ने भी एक-एक गोल किया। सबसे ज्यादा चर्चा में रहे सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी समबोरलंग लंगटे, जिन्होंने मात्र 10 मिनट के अंतराल में तीन गोल (77वें, 82वें और 87वें मिनट) दागकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, दूरदर्शन ने किया लाइव प्रसारण
खेलो इंडिया के इस महत्वपूर्ण आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। होटल से स्टेडियम तक के सभी मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग की गई थी। पूरे स्टेडियम को हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया था और एक विशेष कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नज़र रखी जा रही थी। तीन स्तरीय सुरक्षा बंदोबस्त, महिला पुलिस की तैनाती और ट्रैफिक कंट्रोल ने इस आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दूरदर्शन स्पोर्ट्स की टीम ने मैच का लाइव प्रसारण किया जिससे पूरे देश के दर्शकों ने इस रोमांचक मुकाबले का आनंद उठाया। दिल्ली दूरदर्शन के एंकर भी मैच के बारे में विस्तृत जानकारी दे रहे थे। स्थानीय स्कूलों के छात्रों को भी खेल देखने का मौका मिला, जिससे स्टेडियम में जोश और उत्साह का माहौल बना रहा।
खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया : विजयी टीम में खुशी की लहर
मैच जीतने के बाद ओड़िशा के कोच ने कहा कि हमारी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वेंकटेश ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह जीत हमें आगे के मुकाबलों के लिए प्रेरित करेगी। दो गोल करने वाले वेंकटेश ओरम ने कहा कि मैं अपनी टीम के साथियों और कोच को धन्यवाद देना चाहता हूं जिनके समर्थन से यह संभव हुआ। हमारी नज़र अब अगले मैच और चैंपियनशिप जीतने पर है। पश्चिम बंगाल के कप्तान ने स्वीकार किया कि हमने कड़ी मेहनत की, लेकिन आज का दिन ओड़िशा का था। हम अपनी गलतियों से सीखेंगे और अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अगले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिनका इंतज़ार खेल प्रेमियों को बेसब्री से है।
मिजोरम की टीम छह एक से जीत का अभियान की शुरुआत की
• मिजोरम के आठ नंबर जर्सी के खिलाड़ी वनलालहरिअतरेंगा 22वें मिनट में गंभीर रूप से घायल
खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत तेघड़ा के यमुना भगत स्टेडियम में छह मई की दूसरी पाली में पुरुष फुटबाल का मैच बिहार और मिजोरम के बीच हुआ । जिसमें मिजोरम की टीम छह एक से जीतकर अपना विजय अभियान की शुरुआत की । मिजोरम की टीम ब्लू कलर का ड्रेस पहने हुए खेल रहा था तो बिहार की टीम लाल रंग की ड्रेस पहन के खेल रहा था । खेल की शुरुआत होते ही मिजोरम की टीम अपना दबदबा कायम रखी । फास्ट हाफ में चार गोल करके मिजोरम की टीम अपना बढ़त बनाए रखी । वही सेकंड हाफ में पुनः दो गोल कर कर बढ़त बनाते हुए छह एक गोल से अपने मैच के जीत का अभियान की शुरुआत की । वही बिहार की टीम फर्स्ट हाफ में संघर्ष करते रही लेकिन एक भी गोल नहीं कर पाई । दूसरे हाफ में एक गोल होने के बाद बिहार टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा लेकिन विशेष सफलता हाथ नहीं लगी । मिजोरम की टीम के 15 नंबर जर्सी के खिलाड़ी लालरूत्तदिक 24 में मिनट में गोल कर मैच के जीत का अभियान की शुरुआत की । उसके बाद मिजोरम की प्लेयर 17 नंबर की जर्सी पहने वनलालरामनघका 27 में मिनट और 48 मिनट में दो गोल किया । फिर दस नंबर की जर्सी पहने हेनरी लालहनेहजोवा 56 में मिनट में गोल किया । फिर मिजोरम की टीम के 11 नंबर जर्सी के खिलाड़ी ज़ोडीनपुया 90 मिनट में गोल करके टीम को जीत दिलाया । वही बिहार के टीम के 13 नंबर जर्सी पहने आयुष कुमार ने 84 में मिनट में गोल करके अपनी टीम की लाज बचाई । बिहार के ही 18 नंबर खिलाड़ी अजीत कुमार को 90 मिनट में येलो कार्ड दिखाया गया । मिजोरम की खिलाड़ी आठ नंबर की जर्सी पहने वनलालहरिअतरेंगा 22 में मिनट में खेल के दौरान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया मैदान में मौजूद मेडिकल टीम के द्वारा उसे उपचार किया गया बाद में उसे स्थिति गंभीर देखते हुए तेघड़ा अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां आर्थोपेडिक्स डाक्टर गौरव के नेतृत्व में इलाज किया जा रहा है ।

