बिहारशरीफ : बिहार मौसम सेवा केंद्र ने नालंदा जिले के लिए गंभीर मौसमी चेतावनी जारी करते हुए अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश, वज्रपात और आंधी-तूफान की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार जिले के 12 प्रमुख प्रखंडों में भारी वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।
कहां-कहां होगी भारी बारिश
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अस्थावां, बेन, बिहारशरीफ, बिंद, चंडी, गिरियक, हरनौत, इस्लामपुर, कतरीसराय, परवलपुर, सरमेरा और थरथरी प्रखंडों में भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है। इन क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जिले के अधिकांश भागों में घने बादल छाए रहने की संभावना है। पूर्वी दिशा से लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश के दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की भी प्रबल संभावना जताई गई है।
रहुई में सर्वाधिक 88 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बहुत हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा भी देखी गई है। रहुई प्रखंड में सबसे ज्यादा 88 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो पूरे जिले में सर्वाधिक रही है।
प्रशासन की सलाह: खुले स्थानों से बचें
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने निम्नलिखित सुरक्षा उपायों का पालन करने को कहा है।
- खुले स्थानों से बचकर रहें
- पेड़ों के नीचे शरण न लें
- बिजली के उपकरणों का सीमित उपयोग करें
- बाहरी गतिविधियों से बचने की कोशिश करें
मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से भी तत्परता बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत राहत कार्यों में जुटने को कहा है।

