पटना: पटना में जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित होटल ग्रैंड शिला में ठहरे एक रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो इंग्लैंड में बिजली विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी थे और बीते 9 दिनों से होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे। होटल स्टाफ के मुताबिक, उन्होंने 18 जनवरी को चेक-इन किया था और रविवार को किसी काम से बाहर जाने के बाद शाम करीब 4:28 बजे होटल लौटे थे। कमरे में जाने के बाद उन्होंने भोजन करने से इनकार किया और केवल फल मंगवाए थे। रात में आखिरी बार उन्होंने वाई-फाई को लेकर रिसेप्शन पर कॉल किया, जिसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर होटल कर्मियों को संदेह हुआ। इसी दौरान उन्हें लेने आने वाले ड्राइवर ने भी होटल में फोन किया, जिसके बाद प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे के अंदर अजय कुमार शर्मा का शव मिला। सूचना मिलने पर सदर एएसपी अभिनव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल स्टाफ और मालिक से पूछताछ की है तथा सीसीटीवी फुटेज और एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की जांच की जा रही है। मृतक के सूटकेस से परिजनों से संबंधित जानकारी मिलने के बाद परिवार को सूचित किया गया है। कमरे से मिले दस्तावेज, भारतीय मुद्रा और पाउंड जब्त कर सीजर लिस्ट तैयार की गई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजन भारत नहीं पहुंच सके थे और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

