पटना: पटना में शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक यातायात, पटना ने विभिन्न प्रमुख चौराहों और पुलिस पोस्टों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर में सुचारू यातायात प्रवाह सुनिश्चित करना और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की सक्रियता व कार्यक्षमता की जांच करना था। निरीक्षण के दौरान चौधरी पेट्रोल पंप और उसके आगे का मार्ग, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, कंकड़बाग टेम्पो स्टैंड, मलाही पकरी और 90 फीट रोड, कुमरार गुमटी व भूतनाथ मोड़, बिस्कोमान गोलंबर, गांधी सेतु के पिलर नंबर 46 के पास, गायघाट ओपी और जीपीओ गोलंबर के नीचे यातायात की स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात ने सभी यातायात पोस्टों पर तैनात बल की उपस्थिति की जांच की और मौके पर मौजूद अधिकारियों व जवानों को जाम की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहरवासियों को सुगम व सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
