Begusarai : तेघड़ा प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक, अभिभावक और स्कूली बच्चों की संयुक्त संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय “खेल और सीख” रहा। इसी क्रम में उच्च माध्यमिक विद्यालय गौरा में शिक्षक रवि की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ।संगोष्ठी में वक्ताओं ने बच्चों के समग्र विकास में खेल की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षक अविनाश शास्त्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का साधन नहीं, बल्कि यह मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। खेल के माध्यम से अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीमवर्क जैसी जीवन कौशल विकसित होती हैं।मध्य विद्यालय गौरा के प्रधानाध्यापक दिलीप सहनी ने विद्यालय में उपलब्ध खेल उपकरणों और प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल बच्चों की शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।वरीय शिक्षिका मधु कुमारी ने कहा कि आज के समय में शिक्षा जितनी आवश्यक है, उतना ही खेल भी बच्चों के जीवन में जरूरी हो गया है। इसलिए बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

