Begusarai : बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने शनिवार को तेघड़ा अनुमंडल अंतर्गत तेघड़ा प्रखंड से भगवानपुर प्रखंड को जोड़ने वाली तेघड़ा-मुबारकपुर पथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार, अंचल अधिकारी रवि शंकर तथा पथ निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।विदित हो कि इस सड़क निर्माण की स्वीकृति बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान दी थी । जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग कई किलोमीटर तक चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्माण प्रक्रिया में अपनाई जा रही तकनीक और मानकों की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद कामगारों से भी बातचीत की।निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि पथ निर्माण विभाग की स्वीकृति एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सड़क का निर्माण हो। गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी । जिलाधिकारी के सख्त रुख को देखते हुए निर्माण कार्य में लगे कर्मी भी सजग एवं गंभीर दिखाई दिए।

