Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Bihar

BAS अधिकारियों में बड़ा फेरबदल, पदस्थापन का इंतजार कर रहे 27 अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी, 51 अधिकारियों का तबादला-पदस्थापन

Blog Image
176

पटना: बिहार सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने अपर सचिव, संयुक्त सचिव और अपर समाहर्ता स्तर के कुल 51 BAS अधिकारियों को इधर से उधर किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी आदेश के अनुसार पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे 27 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि 24 अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल के तहत कई जिलों के अपर समाहर्ता और एसडीओ भी बदले गए हैं।


अधिसूचना के अनुसार पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे मृनायक दास को स्वास्थ्य विभाग में अपर सचिव, तारानंद महतो वियोगी को कला एवं संस्कृति विभाग में अपर सचिव, कुमार विनोद को औरंगाबाद में बंदोबस्त पदाधिकारी, अमरेश कुमार अमर को महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त कार्यालय में संयुक्त सचिव, आलोक कुमार को उसी कार्यालय में उप सचिव, मो. अतहर को सुन्नी वक्फ बोर्ड में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, प्रभात चंद्र को नालंदा में बंदोबस्त पदाधिकारी, राज वर्धन और दुर्गेश कुमार को महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त कार्यालय में उप सचिव, अशोक कुमार गुप्ता को बिहार कर्मचारी चयन आयोग में संयुक्त सचिव तथा बुद्ध प्रकाश को ग्रामीण कार्य विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी बनाया गया है।


इसी क्रम में जन्मेजय शुक्ला को भागलपुर में विभागीय जांच अपर समाहर्ता, शिबगतुल्लाह को पूर्वी चंपारण में विभागीय जांच अपर समाहर्ता, अशोक कुमार मंडल को विशेष कार्यक्रम अपर समाहर्ता, सुरेश प्रसाद को बिहार कर्मचारी चयन आयोग में उप सचिव, सैयद शहजाद अहमद को अल्पसंख्यक आयोग में सदस्य सचिव, इष्टदेव महादेव को टेकारी में अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, मैत्री को हाजीपुर में अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, आलोक चंद्र चौधरी को नालंदा में वरीय उप समाहर्ता, विशाल आनंद को ग्रामीण कार्य विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी, अमित कुमार को कृषि विभाग में संयुक्त सचिव, ब्रज किशोर लाल को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी, नवीन कुमार को रोहतास में बंदोबस्त पदाधिकारी, हेमंत कुमार सिंह को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में अपर सचिव, राकेश कुमार को समाज कल्याण विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी, अरुण कुमार को पूर्वी चंपारण में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी और आशुतोष रंजन को बिहार विकास मिशन, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में उप मिशन निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।


तबादलों के तहत किशनगंज के वरीय उप समाहर्ता कुमार ब्रजेश को मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव, नवादा के भू-अर्जन पदाधिकारी को फारबिसगंज का एसडीओ, औरंगाबाद की वरीय उप समाहर्ता रत्ना प्रियदर्शिनी को मोहनिया का एसडीओ, मधुबनी के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विजय कुमार को सिकरहना का एसडीओ, पूर्णिया के जिला पंचायत राज पदाधिकारी संजय कुमार को गोगरी का एसडीओ, समस्तीपुर के जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल को महुआ का एसडीओ, मधेपुरा के जिला परिवहन पदाधिकारी बलवीर दास को अररिया सदर का एसडीओ, निर्मली के अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजू कुमार को बारसोई का एसडीओ, किशनगंज के जिला परिवहन पदाधिकारी दीक्षित स्वेतम को पूर्णिया सदर का एसडीओ, वैशाली की वरीय उप समाहर्ता चांदनी कुमारी को बगहा का एसडीओ, बारसोई की भूमि सुधार उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी को शेखपुरा का एसडीओ तथा नालंदा के जिला पंचायत राज पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू को सुपौल सदर का एसडीओ बनाया गया है।


इसके अलावा सिकरहना के एसडीओ साकेत कुमार को नालंदा में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अररिया सदर के एसडीओ रवि प्रकाश को दरभंगा का जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, फारबिसगंज के एसडीओ रंजीत कुमार रंजन को पूर्णिया का जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सुपौल सदर के एसडीओ इंद्रवीर कुमार को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष कार्य पदाधिकारी, खगड़िया के आपदा प्रबंधन अपर समाहर्ता विजयंत को खगड़िया का जिला परिवहन पदाधिकारी तथा खगड़िया के वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार को सुपौल में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।


साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग के विभागीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शिव कुमार राउत को बिहार शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम में महाप्रबंधक बनाया गया है और उन्हें बिहार शिक्षा परियोजना में प्रशासी पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। आईजीआईएमएस के प्रशासी पदाधिकारी सुभाष नारायण को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि वे बिहार राज्य पथ परिवहन निगम में प्रशासन प्रमुख का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह संभालते रहेंगे। अररिया के जिला परिवहन पदाधिकारी सुशील कुमार को समाज कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ओम प्रकाश को पटना का जिला भू-अर्जन पदाधिकारी और पश्चिम चंपारण के विभागीय जांच अपर समाहर्ता कुमार रवीन्द्र को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।

RPS

Related Post