बेगूसराय: बेगूसराय में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक जिले के कुल 39 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट का कूल-ऑफ समय निर्धारित किया गया है। परीक्षा की शुरुआत 2 फरवरी को प्रथम पाली में जीव विज्ञान और द्वितीय पाली में अर्थशास्त्र विषय से होगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुसार इस वर्ष जिले में कुल 37,935 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 16,480 छात्र और 21,455 छात्राएं हैं। अनुमंडलवार व्यवस्था के तहत बेगूसराय अनुमंडल में 22 परीक्षा केंद्रों पर 24,490 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि तेघड़ा अनुमंडल में 5 केंद्रों पर 4,775, मंझौल में 4 केंद्रों पर 2,317, बखरी में 4 केंद्रों पर 2,705 और बलिया अनुमंडल में 4 केंद्रों पर 3,648 परीक्षार्थियों को आवंटित किया गया है।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। सभी परीक्षार्थियों की मुख्य द्वार पर सघन तलाशी ली जाएगी, जबकि महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला कर्मियों द्वारा सुरक्षित घेरे में की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में जूता-मोजा पहनकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही प्रवेश की अनुमति होगी। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जो परीक्षार्थियों के साथ-साथ वीक्षकों और अन्य कर्मियों पर भी लागू होगा।
प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और उनकी निकासी तथा खोलने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रथम पाली के प्रश्न पत्र सुबह 8:00 बजे से पहले और द्वितीय पाली के प्रश्न पत्र 11:30 बजे से पहले किसी भी स्थिति में नहीं निकाले जाएंगे। परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट मशीन, कॉपियर और डुप्लीकेटर के संचालन पर भी रोक रहेगी। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में परीक्षा पूरी तरह स्वच्छ, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों और पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री ने कारगिल विजय सभा भवन में परीक्षा कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं, ताकि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

