बेगूसराय: तेघड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित नव निर्मित तेघड़ा प्रखंड पुस्तकालय में सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मां सरस्वती की मूर्ति की स्थापना की गई। पूजा कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा और अध्ययनशील वातावरण उपलब्ध कराएगा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जानकारी दी कि पुस्तकालय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और इसका औपचारिक उद्घाटन शीघ्र ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिसमें वाई-फाई सुविधा, सीसीटीवी कैमरा, प्रत्येक टेबल पर चार्जिंग प्वाइंट, स्टडी लाइट, वातानुकूलित कक्ष तथा शौचालय की समुचित व्यवस्था शामिल है। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में कंप्यूटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में अध्ययन के लिए विद्यार्थियों से मात्र 200 रुपये मासिक शुल्क व्यवस्था के नाम पर लिया जाएगा, जिसके अंतर्गत छात्र प्रतिदिन चार घंटे तक बैठकर अध्ययन कर सकेंगे। पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकें, हिंदी और अंग्रेजी के दैनिक समाचार पत्र, उपन्यास, कहानी और कविता संग्रह भी उपलब्ध रहेंगे। पुस्तकालय के उद्घाटन एवं नामांकन के लिए पंजीकरण की तिथि जल्द जारी की जाएगी।
प्रखंड कार्यालय परिसर में इस अत्याधुनिक पुस्तकालय के निर्माण से क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, विद्यार्थियों और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। लोग इस सराहनीय पहल के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी को बधाई दे रहे हैं और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बता रहे हैं।

