पटना: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो पटना द्वारा पायस मिशन स्कूल परिसर, अरवल में ‘विकसित भारत @ 2047’ विषय पर 29 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना और ऑन स्पॉट सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन 29 जनवरी को किया जाएगा, जिसमें अरवल के विधायक मनोज कुमार और कुर्था के विधायक पप्पु वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं 30 जनवरी को आयोजित समापन समारोह में जिलाधिकारी, अरवल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में लोक कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी के साथ-साथ जन संवाद, परिचर्चा, लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
जागरूकता अभियान के तहत ऑन स्पॉट सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। डाक विभाग द्वारा आधार कार्ड और सुकन्या समृद्धि योजना से संबंधित सेवाएं दी जाएंगी, अग्रणी बैंक अरवल द्वारा स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी और सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आयुष्मान विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जबकि सदर अस्पताल अरवल की ओर से मुफ्त चिकित्सीय सुविधा दी जाएगी।
इस जागरूकता कार्यक्रम से पहले आउटरीच अभियान के तहत 28 जनवरी को पायस मिशन स्कूल परिसर, अरवल में ‘विकसित भारत @ 2047 : महावकांक्षी लक्ष्य’ विषय पर आधारित निबंध प्रतियोगिता और फन गेम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अमरेंद्र मोहन, विद्यालय की प्राचार्या सोनम मिश्रा, पत्रकार समीर रंजन सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
केंद्रीय संचार ब्यूरो के अनुसार इस दो दिवसीय अभियान के माध्यम से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार सुधार, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ निशुल्क सेवाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

