बेगूसराय: बेगूसराय के तत्वावधान में गुरुवार को मतदाता जागरूकता को लेकर एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए काली स्थान चौक के रास्ते महिला कॉलेज के समीप संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह और मेरा युवा भारत के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक राजा ठाकुर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने लोकतंत्र और मतदान के महत्व से जुड़े नारे लगाए और आम लोगों को अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगे और नए मतदाताओं सहित आम नागरिकों को भी मतदान के प्रति जागरूक करेंगे।
इस पदयात्रा में बेगूसराय जिले के सभी प्रखंडों से आए सैकड़ों युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर नागरिक का कर्तव्य भी है। मेरा युवा भारत, बेगूसराय की ओर से यह भी कहा गया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान प्रक्रिया से जुड़ सकें।

