Nalanda : जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के उगमा पंचायत के लाखनु बिगहा गांव में एक मामूली सा लगने वाला नाली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया जब तीन व्यक्तियों ने मिलकर पंचायत समिति सदस्य 50 वर्षीय नवीन प्रसाद पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। घायल नवीन प्रसाद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की शुरुआत तब हुई जब नवीन प्रसाद की सास और कुशेश्वर महतो के बीच नाली में पानी गिराने के मुद्दे पर तीखी बहस छिड़ गई। नवीन प्रसाद ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि जब वह अपनी सास और कुशेश्वर महतो के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे तो स्थिति और भी गंभीर हो गई। घायल नवीन प्रसाद ने बताया कि मेरी सास का कुशेश्वर महतो से नाली के विवाद को लेकर लड़ाई झगड़ा हो रहा था। जब मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की कि क्यों लड़ाई कर रहे हैं, तो वहां भरत महतो और किशोरी महतो भी आ गए। इसके बाद विवाद और भी बढ़ गया। नवीन प्रसाद के अनुसार विवाद का मूल कारण यह था कि विरोधी पक्ष उन्हें नाली में पानी गिराने से रोक रहा था। उन्होंने कहा कि वे कह रहे थे कि नाली में पानी गिराने नहीं देंगे। अब बताइए, नाली किसी की व्यक्तिगत तो है नहीं, यह सबकी है। लेकिन इसी बात पर ये तीनों मिलकर मुझ पर टूट पड़े। घटना के दौरान कुशेश्वर महतो, भरत महतो और किशोरी महतो ने मिलकर नवीन प्रसाद पर धारदार हथियारों से वार किए। हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। गंभीर चोटों के साथ नवीन प्रसाद को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

