पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा शनिवार को राज्यभर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक एक ही पाली में होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा।उम्मीदवारों को 11 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
राज्य के 37 जिलों में बनाए गए कुल 912 परीक्षा केंद्रों पर करीब 4 लाख 70 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में केवल एडमिट कार्ड, पहचान पत्र, पेन-पेंसिल जैसी आवश्यक वस्तुएं ही लेकर जा सकेंगे। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सख्त वर्जित होंगे।
सुरक्षा को लेकर आयोग ने तीन स्तरीय जांच व्यवस्था लागू की है। परीक्षा के दौरान किसी भी गड़बड़ी से बचने के लिए सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात रहेंगी और सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी आयोग कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से करेगा। आयोग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं।
गौरतलब है कि 1298 पदों पर बहाली के लिए आयोजित इस परीक्षा के लिए शुक्रवार शाम 6 बजे तक करीब 3 लाख 45 हजार अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए थे।

