Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Breaking News

अहले सुबह पटना में पुलिस–अपराधी मुठभेड़, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात शूटर गिरफ्तार

Blog Image
139

पटना: राजधानी पटना के मसौढ़ी इलाके में गुरुवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में अपराधी द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें कुख्यात शूटर के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा शूटर है, जो झारखंड में गिरोह की गतिविधियों को संचालित करता था।

इन दिनों बिहार पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर बेहद सख्त नजर आ रही है और किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शने के मूड में नहीं है। इसी कड़ी में गुरुवार की सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस कुख्यात शूटर को धर दबोचा। पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि बेउर थाना की पुलिस ने कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इसी दौरान एक अपराधी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

अपराधी के भागने की सूचना मिलते ही बेउर थाना पुलिस ने मसौढ़ी थाना को अलर्ट किया। इसके बाद मसौढ़ी थाना पुलिस ने संभावित मार्गों पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। अहले सुबह करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच एक बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह लगातार भागता रहा। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार असंतुलित होकर गिर गया और गिरते ही उसने हथियार से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया। सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान झारखंड के लातेहार निवासी परमानंद यादव के रूप में हुई है। उसके खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार परमानंद यादव का संबंध राहुल सिंह गिरोह से है। बताया जाता है कि राहुल सिंह, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि गिरफ्तार कुख्यात शूटर विदेश यात्रा भी कर चुका है। फिलहाल घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उपचार के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

RPS

Related Post