Patna : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों को बिजली बिल से राहत दिलाने के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने X हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए घोषणा की है कि 1 अगस्त 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। इस योजना से राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। इससे राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा।
नीतीश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का दूसरा चरण और भी दिलचस्प है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अगले तीन वर्षों में इन सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घर की छतों पर अथवा नजदीकी सार्वजनिक स्थल पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर लाभ दिया जाएगा। कुटीर ज्योति योजना के तहत जो अत्यंत निर्धन परिवार होंगे उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु पूरा खर्च राज्य सरकार करेगी तथा शेष के लिए भी सरकार उचित सहयोग करेगी।
इस योजना के दूरगामी प्रभाव भी काफी महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अब बिजली का 125 यूनिट तक कोई खर्च नहीं लगेगा, साथ ही साथ राज्य में अगले तीन वर्षों में एक अनुमान के अनुसार 10 हजार मेगावाट तक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो जाएगी। यह योजना न केवल बिहार के लोगों को बिजली बिल से राहत दिलाएगी बल्कि राज्य को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। इस घोषणा के साथ ही बिहार उन राज्यों में शामिल हो गया है जो अपने नागरिकों को मुफ्त बिजली की सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

