Nalanda : बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने आज एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 'अभियान बसेरा' के तहत 33 भूमिहीन परिवारों को आवास का सपना साकार किया। बिहारशरीफ प्रखंड में आयोजित विशेष समारोह में मंत्री ने न केवल भूमि संबंधी पर्चे वितरित किए, बल्कि दो पीड़ित परिवारों को 4 लाख 20 हजार रुपये का आर्थिक सहायता चेक भी सौंपा। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि राज्य में एक भी गरीब व्यक्ति बेघर न रहे। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 'अभियान बसेरा' के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक आवास सुविधा पहुंचाने के लिए दृढ़संकल्पित हैं। इस बीच, भारत-पाकिस्तान तनाव के संबंध में पूछे गए सवाल पर मंत्री ने राष्ट्रीय एकता का आह्वान करते हुए कहा कि पूरा देश इस समय भारतीय सेना के साथ एकजुट है। उन्होंने सभी नागरिकों से अफवाहों से बचने और देश की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की। समारोह में नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, राजगीर विधायक कौशल किशोर सहित कई प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

