Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Breaking News

पटना-मोकामा फोरलेन पर 120 किमी/घंटा की स्पीड से दौड़ती कार हाईवा से टकराई

Blog Image
464

Begusarai : पटना-मोकामा फोरलेन पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेगूसराय जिले के डीडीसी ऑफिस के प्रधान सहायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बाढ़ थाना क्षेत्र के सलालपुर गांव के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार कार एक खड़े हाईवा से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, बेगूसराय जिले के डीडीसी कार्यालय में पदस्थापित प्रधान सहायक अभिनंदन कुमार और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गणेश कुमार बेगूसराय से पटना की ओर अपनी कार से जा रहे थे। सलालपुर के पास फोरलेन पर खड़े एक ओवरलोडेड हाईवा से उनकी कार अचानक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय गवाहों के अनुसार, कार की रफ्तार लगभग 120 किमी प्रति घंटा थी। माना जा रहा है कि चालक अचानक सड़क पर खड़े हाईवा को देख नहीं पाया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक अभिनंदन कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेजा है। घटनास्थल से पुलिस को दो पहचान पत्र मिले, जिनमें गणेश कुमार (प्रखंड कल्याण पदाधिकारी) और अभिनंदन कुमार (प्रधान सहायक, बेगूसराय) के नाम अंकित थे।

मृतक अभिनंदन कुमार पटना के अनीसाबाद के निवासी थे। दुर्घटना की खबर मिलते ही उनके परिजन, विभागीय सहकर्मी और परिचित घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गंभीर रूप से घायल प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गणेश कुमार को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

RPS

Related Post