Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Breaking News

23 मई को नालंदा, नवादा और शेखपुरा के 55 स्कूलों के 1000 टॉपर्स का होगा भव्य अभिनंदन

Blog Image
431

बिहारशरीफ : आज के मेधावी विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं। इन युवा प्रतिभाओं को सम्मानित कर हम न केवल उनके प्रयासों को सराह रहे हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित कर रहे हैं।" ये उद्गार व्यक्त किए नालंदा सहोदया क्लस्टर के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने आगामी मेधावी सम्मान समारोह की घोषणा करते हुए। बिहार के तीन प्रमुख जिलों - नालंदा, नवादा और शेखपुरा के शैक्षणिक आकाश में चमके 1000 सितारों का भव्य सम्मान समारोह 23 मई शुक्रवार की शाम को आयोजित किया जाएगा। नालंदा सहोदया क्लस्टर द्वारा आयोजित इस मेगा इवेंट में सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 स्कूलों के टॉपर विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि इन होनहार बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से न सिर्फ अपने स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे जिले और बिहार का मान बढ़ाया है। यह सम्मान समारोह उनकी प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान करने का एक छोटा सा प्रयास है। बिहारशरीफ के मकनपुर स्थित आरपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के विशाल सभागार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीबीएसई के मुख्य परीक्षा अधिकारी (सीओई) रवि प्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे। अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि इन प्रतिभाशाली बच्चों को वह मंच मिले जिसके वे हकदार हैं। सम्मान समारोह के माध्यम से हम इन विद्यार्थियों के भीतर और अधिक उत्साह भरना चाहते हैं, ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें। यह समारोह शिक्षा के प्रति समर्पण और उत्कृष्टता का प्रतीक है। इस अवसर पर नालंदा सहोदया क्लस्टर के संरक्षक कर्नल आर.एस. नेहरा, सचिव आशीष रंजन समेत क्लस्टर के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सम्मान समारोह में विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अभिभावक भी शामिल होंगे।

RPS

Related Post